बाइक खड़ी करने पर विवाद,पार्टी कार्यकर्ता समेत मां और बेटे पर जानलेवा हमला

न्यूज़ ऑनलाइन एस एम. सचिन मीणा. नई दिल्ली

मंगोलपुरी इलाके में इलाके में बीती रात बाइक खड़ी करने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने तीन बेटों के साथ मिलकर लाठी डंडों व धारदार हथियार से एक राजनीति पार्टी के कार्यकर्ता और उसके माता पिता पर जानलेवा हमला किया।पीडि़त परिवार पर करीब पांच से छह मिनट तक जानलेवा हमला हुआ,लेकिन किसी पड़ोसी ने उनको बचाने की कोशिश नहीं की। आरोपियों से बचने के लिये जब पीडि़त परिवार ने भागने की कोशिश की। परिवार को बाइक आदि पर गिरा बुरी तरह से पीटा।

वारदात में परिवार के दंपत्ति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनकी हालत नाजूक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी बाप बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान दिलेर सिंह और उसके बेटे शेर सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस उनके बाकी साथियों की तलाश में छापेमारी मार रही है। पुलिस ने वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान के ब्लॉक मंगोलपुरी में रहने वाले नरेश (60)शकुंतला (55) और कपिल (37) के रूप में हुई है। नरेश करीब चालीस सालों से एक राजनीतिक पार्टी का सक्रिय कार्यकर्ता रहा है। मंगोलपुरी पुलिस को बीती रात 10 बजकर 54 मिनट पर के ब्लॉक मंगोलपुरी में कुछ लोगों द्वारा एक युवक को मारने की पीसीआर कॉल मिली थी।गली में खून से लथपथ और अधमरी हालत में पड़े नरेश,शकुंतला और कपिल को नजदीक के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया।

प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जयपुर गोल्डन और फिर सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट कर दिया। डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर बताई है। पुलिस ने क्रॉइम और फोरेंसिक टीम की सहायता से मौके पर से सबूत इक्ट्ठा किये। गली में काफी दूरी तक खून पड़ा था। बाइक और दो कारों पर भी खून के काफी ज्यादा निशान थे। कपिल से पता चला कि वह रोहिणी इलाके में रहता है। वह रात अपने माता पिता से मिलने बाइक से आया था। बाइक खड़ी करने को लेकर पड़ोसी दिलेर सिंह और उसके तीन बेटे शेर सिंह,अरमान और सिब्बो से विवाद हो गया।

उसको बाइक खड़ी नहीं करने दे रहे थे। जिनको काफी समझाया भी था। विवाद बढऩे पर दिलेर और उसके बेटे उसके साथ गाली गलौच करने लगे। हाथापाई के बीच आरोपियों ने घर में से लाठी डंडे और धारदार हथियार निकालकर उसको घेरकर जानलेवा हमला किया। चिल्लाने की आवाज सुनकर जब घर से उसके माता पिता ने निकलकर उसे बचाने की कोशिश करते हुए आरोापियों से भिड़ गए। आरोपियों ने उनपर भी लाठी डंडे व धारदार हथियार से गली में गिराकर हमला किया। वारदात के बाद आरोपी मौके पर से फरार हो गए।वारदात के बाद मौके पर सौ से ज्यादा लोग मौजूद थे। मगर किसी एक ने भी उनको बचाने की कोशिश नहीं की। लोग तमाशबीन बनकर उनको पीटता हुआ देखते रहे थे। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से तीनों को भर्ती कराया था। पुलिस ने मामला दर्ज किया और दिलेर सिंह और उसके बेटे शेर सिंह को इलाके से ही गिरफ्तार कर लिया। जबकि अरमान और सिब्बो की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद के बाद झगड़ा हुआ था। लेकिन इससे पहले 2018 से दोनों परिवार की दुश्मनी चल रही है। उस वक्त मंगोलपुरी थाने में ही दो बार एफआईआर हुई थी। जिसमें नरेश पर आरोपी परिवार ने बलात्कार करने आदि का आरोप लगाया था। जिसमें नरेश के खिलाफ आईपीसी की धारा 376डी, 323,341/34 के तहत एफआईआर हुई थी। उसके बाद भी दोनों में कई बार झगड़ा हो चुका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *