ITO से लक्ष्मी नगर की ओर विकास मार्ग पर यातायात बंद, ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी

न्यूज़ ऑनलाइन एसएम

सचिन मीणा

नई दिल्ली

एक बार फिर यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है। यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे प्रशासन अलर्ट पर है। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि आईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर विकास मार्ग की एक लेन बंद कर दी गई है।

ऐसा यमुना नदी पर चल रहे काम के कारण किया गया है। पुलिस ने यात्रियों को एडवाइजरी ध्यान में रखने हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।

ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर कहा, ‘यमुना नदी पर चल रहे काम के कारण आईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर जाने वाले कैरिज वे में विकास मार्ग पर एक लेन पर यातायात प्रभावित है। इसके चलते, डब्ल्यू पॉइंट की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक दाहिना मोड़ बंद कर दिया गया है। वे लक्ष्मी नगर के लिए एक्सप्रेस कट से यू-टर्न ले सकते हैं। यात्रियों को तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी जाती है।’

पुराने लोहा पुल पर ट्रेनों की आवाजाही बंद

दिल्ली में यमुना का जलस्तर सोमवार को कुछ कम हुआ। अधिकतम 206.54 मीटर तक जाने के बाद उसमें गिरावट दर्ज हुई। शाम 7 बजे 206.2 मीटर रहा। इसके मद्देनजर अधिकारियों ने पुराने रेलवे ब्रिज (ओआरबी) पर ट्रेनों की आवाजाही निलंबित कर दी है। 13 जुलाई को ओआरबी पर जलस्तर 208.66 मीटर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद से खतरे के निशान के आसपास मंडरा रहा है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद हथिनीकुंड बैराज से नदी में छोड़े गए पानी में वृद्धि के बाद नदी रविवार को फिर से खतरे के निशान को पार कर गई। जलस्तर ज्यादा होने के कारण सरकार ने बाढ़ प्रभावितों से शिविर में ही रुकने की अपील की है।

आज जलस्तर में आ सकती है गिरावट

पूर्वानुमान है कि मंगलवार सुबह तक यमुना के जलस्तर में और गिरावट आएगी। बीते 24 घंटे से हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी में कमी के चलते गिरावट की शुरुआत हुई है। हथिनीकुंड बैराज से अब हर घंटे महज 40-45 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। अगर यही स्थिति बनी रही तो मंगलवार को यमुना के जलस्तर में और गिरावट दर्ज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *