दिल्ली सरकार और एमसीडी की विफलता के कारण दिल्ली में बने बाढ़ के हालात, नागरिकों की असुविधा के लिए ये दोनो जिम्मेदार :  राजा इकबाल सिंह



न्यूज ऑनलाइन एसएम
सचिन मीणा
नई दिल्ली।


*गीता कॉलोनी और निगमबोध श्मशान घाट को बंद किए जाना दिल्ली नगर निगम की विफलता को दर्शाता है।*

*नेता विपक्ष ने बाढ़ प्रभावित दिल्ली के निचले क्षेत्रों का किया निरीक्षण

दिल्ली नगर निगम में नेता विपक्ष व पूर्व महापौर राजा इक़बाल सिंह ने वीरवार को यमुना बाज़ार, कश्मीरी गेट, यमुना खादर सहित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जब केजरीवाल की दिल्ली सरकार को पता था कि जब यमुना का जल स्तर लगातार धीरे धीरे बढ़ रहा है तो समय रहते ज़रूरी क़दम क्यों नहीं उठाए गए। यदि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आरोप प्रत्यारोप की राजनीति को छोड़कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे नागरिकों के लिए सुरक्षित स्थानों पर व्यवस्था करते तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती।
राजा इक़बाल सिंह ने बताया कि यमुना बाज़ार व कश्मीरी गेट जैसे बाज़ारों में सरकार की विफलता के कारण दुकानों को बंद करवाना पड़ा है जिससे नागरिकों की आजीविका पर भी काफ़ी असर पड़ रहा है और ये सब समय रहते क़दम न उठाए जाने के कारण हो रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में हालात इतने नहीं बिगड़ते यदि मॉनसून से पूर्व केजरीवाल की दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम ने समय रहते नालों की सफ़ाई करवा ली होती। इसके विपरित आम आदमी पार्टी की महापौर दूसरे राज्यों में भ्रमण में व्यस्त थी जब दिल्ली में भारी बारिश के कारण जगह जगह जलभराव देखने को मिला। जिसका नतीजा यह हुआ कि कई इलाकों में बारिश का पानी पहले से भरा हुआ था और अब यमुना का जलस्तर बढ़ने से उन क्षेत्रों में स्थिति बिगड़ गई है।
इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि निचले इलाकों में बाढ़ की वजह से अब जलजनित बीमारियों का ख़तरा भी बढ़ गया है जिस ओर भी आम आदमी पार्टी शासित दिल्ली नगर निगम कोई ध्यान नहीं है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों के पास पीने के पानी की भारी क़िल्लत हो गई है जिसे देखते हुए दिल्ली सरकार को जल्द से जल्द ही ऐसे क्षेत्रों में पानी की व्यवस्था करवानी चाहिए। आम आदमी पार्टी के महापौर ने इतना भी ज़रूरी नहीं समझा कि नैतिकता के आधार पर वह इन क्षेत्रों का निरीक्षण करती और नागरिकों के हालात का जायज़ा लेती। पहले बारिश के कारण हुए जल भराव और अब यमुना में बढ़े जलस्तर के कारण लोगों के आजीविका व यातायात पर बहुत बुरा असर पड़ा है। इस पूरी स्थिति के लिए आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम पूरी तरह ज़िम्मेदार है। केजरीवाल सरकार सहित एमसीडी पर आक्रोश जताते हुए राजा इक़बाल सिंह ने कहा कि निगम इतिहास में यह पहली बार देखने को आया है कि दिल्ली नगर निगम को गीता कॉलोनी और निगम बोध शमशान घाट को बंद करना पड़ा है जिसके कारण नागरिकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली नगर निगम को अन्य स्थानों पर अस्थायी शवदाह की व्यवस्था करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इन शवदाह गृहों पर लकड़ियों की कमी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *