वेतन की जगह दिल्ली का विकास करें “आप” : कांग्रेस


न्यूज ऑनलाइन एसएम
सचिन मीणा
नई दिल्ली।

दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री मंगतराम सिंघल और निगम में सदन के पूर्व नेता जितेन्द्र कुमार कोचर ने सोमवार को दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेन्टर में जाकर कांग्रेस के निगम पार्षदों से मिलकर दिल्ली से जुड़े मुद्दों व विकास से संबधित चर्चा की। इस अवसर पर निगम में काबिज कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश, पार्षद मंदीप शौकीन, हाजी जरीफ, शीतल, शगुफता चौधरी, समीर अहमद, अरीबा खान, शबीला बेगम और पार्षद नाजिया खातून भी मौजूद रही।
कांग्रेस निगम पार्षदों ने मंगतराम सिंघल और जितेन्द्र कुमार कोचर से कहा कि सत्तासीन आम आदमी पार्टी निगम पार्षदों के वेतन बढ़ोत्तरी पर जोर दे रही है, परंतु हमें वेतन में बढ़ोत्तरी नहीं क्षेत्र का विकास चाहिए। उन्होंने बताया कि निगम में जब से आम आदमी पार्टी सत्ता में आई है तब से संपूर्ण दिल्ली का विकास पूरी तरह रुक गया है।
कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि वेतन बढ़े न बढ़े हमें  क्षेत्र का विकास चाहिए।
सिंघल और कोचर ने अपने संयुक्त सम्बोधन में कहा कि निगम में आम आदमी पार्टी की दिल्ली के प्रति अनदेखी का हरजाना दिल्ली की जनता भुगत रही है। कांग्रेस ने निगम और दिल्ली सरकार में रहते हुए हमेशा ही दिल्ली का विकास किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पार्षद निगम के सदन पटल पर दिल्ली में क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों को उठाऐंगे और आम आदमी पार्टी और भाजपा की जनता के प्रति दोगली नीति को जनता के सामने उजागर करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनो पार्टियों ने निगम चुनाव में दिल्ली के विकास को लेकर जनता से जो वायदे किए थे, अभी तक वे सभी खोखले साबित हुए है। इस समय दिल्ली पूरी तरह बदहाल हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *