“जवाब दो-हिसाब दो” अभियान के तहत आयोजित होगी कांग्रेस की भव्य प्रतिज्ञा रैली : मुकेश शर्मा

न्यूज ऑनलाइन एसएम
सचिन मीणा
नई दिल्ली।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के तत्वाधान में भाजपा की केन्द्र सरकार, सांसदों व चुने हुए प्रतिनिधियों के खिलाफ ‘‘ जवाब दो-हिसाब दो’’ अभियान को लेकर दिल्ली की आम जनता व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के तिलक नगर में रविवार, 22 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे कांग्रेस की विशाल प्रतिज्ञा रैली होगी। रैली को प्रदेश अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली के और दिल्ली के प्रभारी दीपक बाबरिया के अलावा पश्चिमी दिल्ली के सभी पूर्व विधायक व कांग्रेस के बड़े नेता भी संबोधित करेंगे।
प्रतिज्ञा रैली की तैयारियों के सिलसिले में सभी विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग नुक्कड़ सभाऐं आयोजित की जा रही है जिनको कांग्रेस के स्थानीय नेता, पूर्व विधायक, जिला व ब्लाक के अध्यक्ष संबोधित कर रहे है। इसके अलावा तिलक नगर व जेल रोड़ स्थित 14 मार्केटों के दुकानदारों व उनकी संस्थाओं से भी सम्पर्क किया गया है। भारी संख्या में निगम के अत्याचार व सरकारी विभागों के भ्रष्टाचार से दुखी दुकानदार भी कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में भाग लेंगे।
शर्मा ने कहा कि पश्चिमी दिल्ली की एक दर्जन से भी ज्यादा बड़ी धार्मिक संस्थाओं ने प्रतिज्ञा रैली को समर्थन देने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिज्ञा रैली में लवली को सभी धार्मिक संस्थाओं की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा और पार्टी ने बड़े पैमाने पर रैली की तैयारियां की है। मुकेश शर्मा ने शुक्रवार को रैली स्थल का दौरा करने के बाद बताया कि दिल्ली कैंट क्रिबी प्लेस से नजफगढ़, पंखा रोड़, राजौरी गार्डन आदि क्षेत्रों में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बड़े पैमाने पर होर्डिंग लगाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि शनिवार देर रात तक तिरंगे से पाटकर समस्त क्षेत्र को कांग्रेसमय कर दिया जाएगा। रैली में पश्चिमी दिल्ली के भाजपा व आप पार्टी के कई नेता भी पार्टी में शामिल होंगे। इसके साथ ही शर्मा ने दावा किया कि रैली में 10 हजार से भी ज्यादा लोग शिरकत करेंगे, जिसमें सिक्ख व पंजाबी समुदाय के अलावा ग्रामीण, पुनर्वास कालोनियों के लोग, पूर्वांचल वासियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
रैली में कई प्रस्ताव पारित किए जाएंगे जो पश्चिमी दिल्ली की समस्याओं से संबधित होंगे, जिसमें ग्रुप हाउसिंग सोसायटी व डीडीए फ्लैट भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *