खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना, दिल्ली पर मंडराया बाढ़ का खतरा, CM बोले- इतनी बारिश नहीं झेल सकती राजधानी !

न्यूज़ ऑनलाइन एसएम. सचिन मीणा. नई दिल्ली

देश की राजधानी दिल्ली में आज मंगलवार यानी 11 जुलाई को मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। प्रदेश की अरविंद केजरीवाल सरकार ने सभी सरकारी स्कूलों में नर्सरी से 5वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों के लिए छुट्टी का ऐलान कर दिया है।लगातार वर्षा के बीच हरियाणा द्वारा हथिनीकुंड बैराज से नदी में ज्यादा पानी छोड़े जाने की वजह से दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के ओल्ड रेलवे ब्रिज इलाके में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुँच गया है। पुल पर रेलवे और यातायात का आवागमन रोक दिया गया है। आज सुबह 8 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर 206.32 मीटर रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिल्ली में यमुना नदी का उच्चतम बाढ़ स्तर 207.49 मीटर है। बता दें कि, बीते कुछ दिनों में भारी बारिश के चलते यमुना में जल स्तर खतरे के निशान को पार कर जाने की वजह से राष्ट्रीय राजधानी में पुराने यमुना पुल पर रेल यातायात अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया है। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, सोमवार दोपहर 3 बजे हथिनीकुंड बैराज से करीब 2,15,677 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसके बाद आज दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, एक बयान में सीएम केजरीवाल ने कहा था कि, दिल्ली इतनी बारिश झेल ही नहीं सकती, क्योंकि यहाँ का सिस्टम ही उस हिसाब से डिज़ाइन नहीं किया गया है। हालाँकि, उन्होंने यह भी कहा था कि, सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

वहीं, पूर्वी दिल्ली जिले के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि कुछ इलाकों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को ऊंचे स्थानों पर बने शिविरों में शिफ्ट कर दिया गया है। केजरीवाल सरकार ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों और यमुना के जल स्तर की निगरानी के लिए 16 नियंत्रण कक्ष (Control Room) बनाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *