आज सफाई कर्मचारी निगम मुख्यालय पर करेंगे प्रदर्शन – कांग्रेस करेगी समर्थन


न्यूज ऑनलाइन एसएम
सचिन मीणा


नई दिल्ली । दिल्ली नगर निगम में सदन के पूर्व नेता जितेन्द्र कुमार कोचर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में लम्बे समय से अस्थाई कर्मचारी के रुप में काम कर रहे हजारों सफाई कर्मचारियों सहित अन्य विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर दिल्ली नगर निगम समस्त यूनियन कोर कमेटी द्वारा सिविक सेन्टर पर निर्धारित धरने का दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविन्दर सिंह लवली के निर्देश अनुसार दिल्ली कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे।
कोचर ने कहा कि मौजूदा नगर निगम में आप सरकार के द्वारा ठेकेदारी प्रथा को बढ़ाये जाने की गलत नीतियां बनाई जा रही है जबकि आप पार्टी ने चुनाव जीतने से पूर्व अस्थाई कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश के कार्यालय में कांग्रेस के एस.सी. नेता एवं पूर्व विधायक जय किशन, वीर सिंह धींगान, चरण सिंह कंडेरा निगम में सदन के पूर्व नेता जितेन्द्र कुमार कोचर, नगर निगम कोर कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार धींगान, राजेन्द्र भजनी, कांग्रेस प्रवक्ता अनुज आत्रेय, निगम पार्षद शगुफता चौधरी, समीर अहमद, हाजी जरीफ, सबिला बेगम, दिल्ली नगर निगम कोर कमेटी के सदस्य राजेन्द्र मेवाती, दलीप पारचा, रणवीर चांवरिया, नरेश पिहाल, पिंकी सुजाता सूद, शशी बाला उज्जेनवाल, राजकुमार बिडलान, विनोद संगत और मलूक चंद बेनीवाल के साथ साथ यूनियन के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

*आप और भाजपा ने 240 दिन की निश्चित समय सीमा पूरी करने के बाद भी नही किया कर्मचारियों को स्थाई*

पूर्व विधायक जय किशन ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस की सरकारों ने ही हमेशा कर्मचारियों और लोगों के हितों की रक्षा के लिए नीतियां बनाई है और जो भी अधिकार इन्हें मिले है वो केवल कांग्रेस सरकारों द्वारा ही दिलाए गए। उन्होंने कहा कि अगर सफाई कर्मचारियों की मांग को नही माना तो 27 फरवरी को सभी सफाई कर्मचारी हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार 240 दिन की निश्चित समय सीमा पूरी करने के बाद उसे स्थाई करने का प्रावधान किया गया था जिस पर मौजूदा आम आदमी पार्टी और पूर्व में भाजपा ने कभी अमल नही किया, जिसके कारण वर्षों से कर्मचारी निगम में अस्थाई कर्मचारी के रुप में काम कर रहे है।

*कोविड-19 में जिन सफाई कर्मचारियों की मौत हुई थी उन्हें अभी तक नही दिया गया 1 करोड़ रुपए का मुआवजा*

पूर्व विधायक वीर सिंह धींगान और चरण सिंह कंडेरा ने कहा कि सत्ता में आने से पूर्व सफाई कर्मचारियों से वादा किया गया था कि अस्थाई और अनुबंधित कर्मचारियों को पक्का किया जाऐगा और ठेकेदारी प्रथा को खत्म किया जाऐगा। जबकि एक वर्ष से अधिक होने के बावजूद न तो किसी कर्मचारी को पक्का किया गया और न ही ठेकेदारी प्रथा को हटाने संबधी को निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि नई भर्ती पर रोक लगाना और रिटायर्ड कर्मचारियों के स्थान पर भर्ती नही करने का हम विरोध करते है जबकि नौकरी पर कर्मचारी के मरने के बाद करुणामूलक आधार पर भी नौकरी देने में कई सालों का समय लग रहा है और नौकरी स्थाई न देकर रेगूलर दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के समय जिन सफाई कर्मचारियों की मौत हुई थी उन्हें अभी तक 1 करोड़ रुपया मुआवजा के रुप में नही दिया गया, जिसके चलते कर्मचारियों रोष है।

*धरने में कांग्रेस के सभी पार्षद, नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे*

नाजिया दानिश ने कहा कि दिल्ली नगर निगम समस्त यूनियन कोर कमेटी द्वारा कल सिविक सेंटर पर होने वाले धरने में कांग्रेस के सभी निगम पार्षद व पूर्व पार्षद सहित कार्यकर्ता निगम कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में धरने में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए लगभग 50 हजार नए कर्मचारियों की भर्ती की आवश्यकता है। निगम द्वारा 7000 नए अस्थाई कर्मचारियों की भर्ती की कांग्रेस निंदा करती है, क्योंकि इतनी कम संख्या में भर्ती करने से सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नही होगा। उन्होंने मांग की कि दिल्ली नगर निगम पहले नियमित कर्मचारियों को पक्का करें और अस्थाई कर्मचारियों को नियमित करें उसके पश्चात अस्थाई कर्मचारियों का प्रारुप तैयार किया जाना और ठेके पर काम कर रहे सभी कर्मचारियों को निगम के तहत कार्यरत कर्मचारी रखने की हम मांग करते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *